अशवनी पाहवा | लुधियाना
समर न्यूज
स्वतंत्रता दिवस-2026 के मद्देनजर पंजाब पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। सोमवार को पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने अमृतसर, जालंधर और लुधियाना कमिश्नरेट समेत संबंधित पुलिस रेंज में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
डीजीपी ने अधिकारियों को हाई-विजिबिलिटी नाके लगाने, चौबीसों घंटे निगरानी रखने और पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ-साथ किसी भी संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अंतर-जिला तालमेल को भी मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस टीमें आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई कर सकें।
अमृतसर से शुरू किया दौरा
डीजीपी गौरव यादव ने अपने दौरे की शुरुआत अमृतसर से की। उन्होंने सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने और निवारक उपायों को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने गश्त और निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ भीड़ प्रबंधन और त्वरित प्रतिक्रिया पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय आयोजन के दौरान पूरे सुरक्षा तंत्र के बीच बेहतर तालमेल और संभावित चुनौतियों का पहले से आकलन करना पंजाब पुलिस की प्राथमिकता है।
लुधियाना में समारोह स्थलों पर विशेष फोकस
दौरे के अंतिम चरण में डीजीपी गौरव यादव ने लुधियाना कमिश्नरेट और लुधियाना रेंज के अधिकारियों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को लेकर तैयार किए गए पुलिसिंग प्लान की समीक्षा की और अधिकारियों को प्रमुख समारोह स्थलों तथा सार्वजनिक एकत्रीकरण वाले स्थानों पर प्रभावी एवं दिखाई देने वाली पुलिस तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीजीपी स्टेट आर्म्ड पुलिस एमएफ फारूकी, आईजीपी पीएपी राजपाल सिंह संधू, लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा, डीआईजी लुधियाना रेंज संदीप गोयल समेत विभिन्न जिलों के एसएसपी मौजूद रहे।
जालंधर में भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
इसके बाद डीजीपी ने जालंधर पहुंचकर कमिश्नरेट पुलिस जालंधर और जालंधर रेंज की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को मौजूदा सुरक्षा चुनौतियों से अवगत करवाते हुए सतर्कता बढ़ाने, जरूरत के अनुसार पुलिस बल की तैनाती करने और किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया।