Summer express, बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एनआरआई लेआउट इलाके में मंगलवार रात एक गैराज में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे गैराज को अपनी चपेट में ले लिया। गैराज में खड़ी कई इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन आग की चपेट में आने से पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, आग रात करीब नौ बजे लगी थी। गैराज में बड़ी संख्या में ई-बाइक खड़ी थीं, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आसपास के इलाके में आग फैलने से रोकने का प्रयास किया।
पुलिस ने बताया कि हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग की लपटें गैराज के पास स्थित एक निजी अस्पताल तक भी पहुंच गईं, जिससे अस्पताल की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। आग से हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस और दमकल एवं आपात सेवा विभाग की टीमें घटना की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों की जांच के बाद ही आग लगने के सही कारण और नुकसान की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।