Summer express/राहुल चावला, कांगड़ा-:कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को लेकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया ने अब तेजी पकड़ ली है। प्रभावित परिवारों को भूमि मुआवजा देने के साथ-साथ पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आर एंड आर) की राशि वितरित करने का काम भी लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रशासन का लक्ष्य शेष प्रभावित महालों के आर एंड आर अवॉर्ड जल्द पूरा करना है।
एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजली गर्ग ने बताया कि भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के तहत प्रभावित लोगों को मुआवजा और आर एंड आर राशि का भुगतान किया जा रहा है। अब तक करीब 2300 करोड़ रुपये भूमि मुआवजे के रूप में वितरित किए जा चुके हैं, जबकि करीब 293 करोड़ रुपये की राशि लंबित है। लंबित राशि में न्यायालय में विचाराधीन मामले, विभिन्न दावे और एक ही भूमि पर एक से अधिक दावेदार होने के मामले शामिल हैं।उन्होंने बताया कि पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन के तहत भी अब तक करीब 170 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। एयरपोर्ट विस्तार से प्रभावित कुल 14 महालों में से 10 महालों के आर एंड आर अवॉर्ड पूरे किए जा चुके हैं।डॉ. गर्ग के अनुसार, जब उन्होंने एसडीएम कांगड़ा का कार्यभार संभाला था, तब तक सात महालों के आर एंड आर अवॉर्ड पूरे हो चुके थे। इसके बाद तीन और महालों के अवॉर्ड पूरे किए गए। अब शेष चार महालों की प्रक्रिया को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।प्रशासन ने 15 से 20 अगस्त के बीच बाकी महालों के आर एंड आर अवॉर्ड पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इससे कांगड़ा एयरपोर्ट विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को और गति मिलने की उम्मीद है।