Summer express पलवल, सुंन्दर कुंडू-: गत 13 अगस्त को खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम द्वारा पलवल में निकाली गई तिरंगा यात्रा को लेकर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता चौधरी उदयभान ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होडल स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन में आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उदयभान ने तिरंगा यात्रा को राजनीतिक दिखावा करार दिया और इसमें स्कूली विद्यार्थियों के कथित इस्तेमाल पर गंभीर सवाल खड़े किए।उदयभान ने कहा कि देश को आजादी शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के कारण मिली है। कांग्रेस के अनेक नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता आंदोलन में अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों और संगठनों का स्वतंत्रता आंदोलन में कोई योगदान नहीं रहा, वे आज देशभक्ति का प्रमाणपत्र बांटने का काम कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा तिरंगा यात्रा के नाम पर केवल राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया जा रहा है। उदयभान ने कहा कि पलवल में निकाली गई यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों को शामिल किया गया। उनके मुताबिक, बच्चों को सुबह से ही गर्मी में खड़ा रखा गया और पैदल यात्रा कराई गई, जिसके कारण कई विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ा तथा कुछ बच्चों के बेहोश होने की भी बात सामने आई।कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि भाजपा को तिरंगा यात्रा निकालनी थी तो उसे अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ इसका आयोजन करना चाहिए था। स्कूली बच्चों को राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल करना उचित नहीं है। इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ भीषण गर्मी में उनके स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है।उदयभान ने यात्रा में इस्तेमाल किए गए झंडे को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने दावा किया कि यात्रा में जिस झंडे का इस्तेमाल किया गया, उसमें अशोक चक्र नहीं था, इसलिए उसे राष्ट्रीय ध्वज नहीं कहा जा सकता। उन्होंने भाजपा पर तिरंगे और देशभक्ति के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि आगामी 17 अगस्त को होडल में प्रस्तावित तिरंगा यात्रा में भी यदि स्कूली विद्यार्थियों को शामिल किया जाता है तो इसका विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को किसी भी राजनीतिक आयोजन का हिस्सा बनाने के बजाय उनकी शिक्षा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उदयभान ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि “52 सालों तक जिन्होंने अपने मुख्यालय पर तिरंगा नहीं फहराया, वे आज तिरंगा यात्रा निकालकर देशभक्ति का संदेश दे रहे हैं।” उन्होंने पलवल की यात्रा को “ड्रामा” बताते हुए कहा कि इसमें ड्रामा करने वाला गाड़ी में बैठा था, जबकि मासूम बच्चे तेज गर्मी में पैदल चल रहे थे।कांग्रेस नेता ने भाजपा से अपील की कि राजनीतिक आयोजनों में स्कूली विद्यार्थियों को शामिल करने से बचा जाए और राष्ट्रीय पर्वों को राजनीतिक लाभ का माध्यम बनाने के बजाय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और देश की एकता-अखंडता को केंद्र में रखा जाए।