Summer express/मंडी, धर्मवीर-: देश की आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा कथित तौर पर किए गए वंदे मातरम के अपमान को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने केंद्र सरकार से वंदे मातरम के अपमान करने पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम देश की आन-बान और शान से जुड़ा है और इसका अपमान किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। इस मुद्दे को लेकर जिला मुख्यालय मंडी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया। इस दौरान भाजपा कार्यालय से चौहट्टा बाजार तक कैंडल मार्च निकाल कर जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस अवसर पर दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं सहित जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय के सामने सम्पूर्ण वंदे मातरम का गायन भी किया। इस उपरांत मीडिया से रूबरू होते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि देश में वंदे मातरम का अपमान करने वालों पर कानूनी शिकंजा कसने के लिए कानून बनाया जाना जरूरी है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने की भी मांग की। इससे पूर्व प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने “भारत में यदि रहना होगा, वंदे मातरम गाना होगा” के जोरदार नारे लगाते हुए अपना विरोध भी दर्ज करवाया।इस मौके पर विधायक राकेश जम्वाल, इंद्र सिंह गांधी, दिलीप ठाकुर, विनोद कुमार, पूर्ण चंद ठाकुर, प्रदेश महामंत्री पायल वैघ, भाजपा जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा सहित अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।