लक्की भट्टी | लुधियाना
समर न्यूज
फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से रख बाग के निकट लक्ष्मी लेडीज़ क्लब में आयोजित दो दिवसीय 10वीं वार्षिक ‘वन थाउज़ेंड वर्ड्स’ फोटो प्रदर्शनी गुरुवार को अमिट यादें छोड़ते हुए संपन्न हो गई। यह प्रदर्शनी केवल तस्वीरें देखने का अवसर ही नहीं रही, बल्कि मानव जीवन, प्रकृति, भावनाओं और समाज के विभिन्न रंगों को करीब से समझने का एक संवेदनशील साझा मंच भी बनी।
प्रदर्शनी में लगाई गई 42 तस्वीरों ने बिना कुछ कहे दर्शकों के साथ संवाद स्थापित किया और अपने भीतर अनेक कहानियां समेटे हुए दिखाई दीं। प्रदर्शनी में प्रवेश करते ही दर्शकों को यह एहसास हो रहा था कि वे किसी सामान्य फोटो प्रदर्शनी में नहीं, बल्कि एक ऐसे कलात्मक संसार में प्रवेश कर रहे हैं, जहां हर तस्वीर की अपनी अलग कहानी और अपना विशेष अहसास था।
किसी तस्वीर में जीवन की खुशी और उत्साह नजर आया तो किसी में खामोशी के दर्द और संवेदनाओं की झलक दिखाई दी। कहीं प्रकृति की खूबसूरती ने दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं कई तस्वीरों ने समाज की वास्तविकता को सामने रखते हुए लोगों को कुछ पल रुककर सोचने के लिए मजबूर कर दिया।
प्रदर्शनी देखने के लिए विद्यार्थियों से लेकर युवाओं, बच्चों, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, पत्रकारों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने बड़ी संख्या में शिरकत की। दर्शकों ने सभी 42 तस्वीरों को बड़ी गहराई और उत्सुकता के साथ देखा। हर तस्वीर के सामने खड़े होकर लोग उसके विषय, भावना और उसके पीछे छिपी कहानी को अपने-अपने नजरिए से महसूस करते दिखाई दिए।
समापन समारोह के दौरान कोठी मेला से सचित अरोड़ा, सन्नी गोयल, ली फोर्ड के प्रबंधकीय बोर्ड के सदस्य, प्रमोद बहल, अंसल एस्टेट से एस.एस. खुराना, अर्शदीप समर और सुरिंदर डल्ला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति विशेष रूप से पहुंचे।
इस अवसर पर एसोसिएशन के चेयरमैन गुरमीत सिंह और अध्यक्ष कुलदीप सिंह काला ने कहा कि दो दिवसीय यह प्रदर्शनी दर्शकों के लिए केवल कला का अनुभव नहीं रही, बल्कि अपने आसपास की दुनिया को एक नई नजर से देखने का अवसर भी बनी। उन्होंने कहा कि ‘वन थाउज़ेंड वर्ड्स’ का उद्देश्य तस्वीरों के
माध्यम से लोगों को जोड़ना तथा उन्हें प्रकृति, मानवीय भावनाओं और समाज के विभिन्न पहलुओं से रूबरू करवाना है।
एसोसिएशन के महासचिव गुरप्रीत सिंह ने कहा कि प्रदर्शनी के दौरान दर्शकों से मिला भरपूर समर्थन इस बात को साबित करता है कि फोटोग्राफी केवल एक कला नहीं, बल्कि समाज और मानवीय संवेदनाओं को समझने का एक प्रभावशाली माध्यम भी है। कई बार एक तस्वीर वह बात कह जाती है, जिसे बयान करने के लिए हजारों शब्द भी कम पड़ जाते हैं। इसी अहसास के साथ 10वीं वार्षिक ‘वन थाउज़ेंड वर्ड्स’ फोटो प्रदर्शनी लुधियाना वासियों के दिलों पर अपनी खूबसूरत छाप छोड़ने में सफल रही।
दो दिनों के दौरान प्रदर्शनी का दौरा करने वाली प्रमुख हस्तियों में पूर्व कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशू, विधायक अशोक पराशर पप्पी, विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला, अमन बग्गा, दलित विकास बोर्ड के विजय दानव, दर्शन लाल बवेजा, कांग्रेस अध्यक्ष संजय तलवाड़, पूर्व विधायक सुरिंदर डावर, पूर्व मंत्री राकेश पांडे, के.के. बावा, पंजाब चाइल्ड राइट्स की वाइस चेयरमैन रुचि बावा, माता विपनप्रीत कौर, गुरदीप सिंह गोशा, भाजपा अध्यक्ष सुनील मोदगिल, प्रवीण बंसल, अवतार सिंह भोगल, अतुल सहगल, बिट्टू गुंबर, जिला अध्यक्ष भूपिंदर सिंह भिंदा, पूर्व विधायक रणजीत सिंह ढिल्लों, एडवोकेट गगनप्रीत सिंह, एडवोकेट परोपकार सिंह घुम्मण, राजीव टंडन के अलावा फिक्की फ्लो की पूरी टीम, विभिन्न अखबारों के पत्रकार तथा अलग-अलग स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थी शामिल रहे।