Summer express , कैथल। शहर में रात के समय बाइक सवार तीन बदमाशों ने स्कूटी सवार महिला को निशाना बनाकर करीब ढाई तोले की सोने की चेन झपट ली। वारदात के दौरान आरोपियों ने पहले महिला की स्कूटी का रास्ता रोका और उसे धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद दो बदमाशों ने महिला के साथ हाथापाई की और उसके गले से चेन लेकर बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता सरला देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह चंदाना गेट से स्कूटी पर सवार होकर रामनगर स्थित अपने घर लौट रही थी। कुतुबपुर रोड के पास पहुंचने पर बाइक सवार तीन युवक उसके सामने आ गए। आरोपियों ने बाइक लगाकर उसकी स्कूटी का रास्ता रोक दिया। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही बदमाशों ने उसकी स्कूटी को धक्का मार दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गई।
महिला के गिरते ही दो आरोपियों ने उसके साथ हाथापाई शुरू कर दी और गले में पहनी सोने की चेन झपट ली। सरला देवी ने बदमाशों का विरोध करते हुए शोर मचाया, लेकिन आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, मगर तब तक आरोपी वहां से निकल चुके थे।
वारदात के बाद महिला ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। अनाज मंडी चौकी प्रभारी मनु के अनुसार, महिला की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं। इसके अलावा सीआईए, एवीटी और शहर थाना पुलिस की टीमें भी मामले की जांच में जुटी हुई हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस अन्य तकनीकी और स्थानीय सुरागों के आधार पर भी आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।