summer express , हिसार। शहर में मंगलवार सुबह दो बाइकों पर सवार पांच युवकों ने अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग कर सनसनी फैला दी। बदमाशों ने पहले एक कारोबारी के घर के बाहर गोलियां चलाईं, इसके बाद प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय को निशाना बनाया और फिर नई सब्जी मंडी के पास हवाई फायरिंग की। राहत की बात रही कि तीनों घटनाओं में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। लगातार हुई फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे पांच युवक दो बाइकों पर सवार होकर टीबा दानाशेर पहुंचे। यहां गली नंबर सात में कारोबारी अरुण के घर के बाहर पहुंचकर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। उस समय अरुण की पत्नी घर के बाहर और उसका भाई अजय छत पर मौजूद था। आरोप है कि बदमाशों ने पहले घर की तरफ गोली चलाई और आवाज लगाने पर अजय को निशाना बनाते हुए फायरिंग की। दोनों किसी तरह बाल-बाल बच गए।
इसके बाद आरोपी ढाणी किशन दत्त की गली नंबर चार में पहुंचे। यहां उन्होंने प्रॉपर्टी डीलर मोनू के कार्यालय पर गोलियां चलाईं। घटना के समय मोनू का भतीजा गौरव कार्यालय के बाहर मौजूद था, लेकिन वह भी गोली की चपेट में आने से बच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश नई सब्जी मंडी के गेट के पास पहुंचे और वहां हवाई फायरिंग की। इसके बाद आरोपी जहाजपुल चौक की ओर गलियों से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एचटीएम थाना पुलिस के अलावा सीआईए-1 और सीआईए-2 की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस जांच में आरोपियों के नाम पीयूष, विनय, समर, देवेंद्र और नोमी सामने आए हैं। एक ही सुबह में शहर के तीन स्थानों पर फायरिंग की घटना से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए विभिन्न स्तरों पर जांच की जा रही है।