summer express , बलिंदर कुमार, कलायत। सफाई कर्मचारियों की जारी हड़ताल के बीच कांग्रेस के कलायत विधायक विकास सहारण बुधवार को कर्मचारियों के धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार सफाई कर्मचारियों के साथ अन्याय कर रही है और उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
विकास सहारण ने कहा कि सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए प्रभावी बातचीत नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था में कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार को उनके हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द बातचीत कर मांगों का समाधान करना चाहिए।
विधायक ने भाजपा पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से गरीब और कमजोर वर्ग परेशान है। उन्होंने भाजपा को धनाढ्य वर्ग के हितों वाली पार्टी बताते हुए कहा कि देश में अमीर और अधिक अमीर होता जा रहा है, जबकि गरीब और मजदूर वर्ग की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा।
विकास सहारण ने केंद्र और प्रदेश सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर हो रही है और मौजूदा परिस्थितियों के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार तथा प्रदेश की नायब सिंह सैनी सरकार जिम्मेदार हैं।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मांगों को स्वीकार कर हड़ताल समाप्त करवाना सरकार की जिम्मेदारी है। कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं होने तक कांग्रेस उनके साथ खड़ी रहेगी। विधायक ने सरकार से जल्द कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर गतिरोध समाप्त करने की मांग की।