अशवनी पाहवा | लुधियाना
समर न्यूज
महानगर के नगर निगम कार्यालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल मिलने से पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। ईमेल में कथित तौर पर बब्बर खालसा और तथाकथित खालिस्तान नेशनल आर्मी का हवाला देते हुए नगर निगम कार्यालय को निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
ईमेल में दोपहर 1:11 बजे निगम कार्यालय में वारदात को अंजाम देने की बात लिखी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एहतियाती कदम उठाते हुए निगम मुख्यालय और जोन कार्यालयों की सुरक्षा बढ़ा दी, वही जोन में आने जाने वाले सभी लोगों की गहनता से जांच की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर निगम के आधिकारिक ईमेल पते पर भेजे गए संदेश में पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में दोषी दिलावर सिंह का महिमामंडन करते हुए 31 अगस्त को लेकर भी भड़काऊ बातें लिखी गई हैं। ईमेल में सरकारी कार्यालयों में उसकी तस्वीर लगाने और 31 अगस्त को उसे याद करने की बात कही गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर भी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए 5 सितंबर को बठिंडा में नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है। ईमेल के अंत में तथाकथित ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ और ‘बब्बर खालसा’ के नाम का इस्तेमाल किया गया है। इसके साथ ही कई संदिग्ध नाम भी दर्ज किए गए हैं। पुलिस इन दावों और ईमेल में
किए गए उल्लेखों की सत्यता की जांच कर रही है।
{बम निरोधक दस्ते ने खंगाला परिसर: धमकी भरी ईमेल मिलने के बाद पुलिस कमिश्नरेट की टीम ने निगम कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। एहतियात के तौर पर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की मदद से परिसर की तलाशी ली गई। पुलिस अधिकारियों ने निगम कार्यालय के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
{साइबर सेल खंगाल रहा ईमेल का नेटवर्क: मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम विंग ने ईमेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। टीम ईमेल के सर्वर, आईपी एड्रेस और वीपीएन समेत अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी भरी ईमेल विदेश से भेजी गई है या फिर किसी स्थानीय व्यक्ति ने फर्जी पहचान के जरिए माहौल खराब करने का प्रयास किया है। इससे पहले भी नगर निगम कार्यालय को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके चलते पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है।