summer express , फिरोजपुर। फिरोजपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हेरोइन के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 14.17 ग्राम हेरोइन बरामद की है। सभी के खिलाफ संबंधित थानों में केस दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।
सदर फिरोजपुर थाना पुलिस के सब-इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान शक के आधार पर अनमोल सिंह उर्फ गौरी को हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
आरिफके थाना पुलिस के सब-इंस्पेक्टर हरमेहताब सिंह के अनुसार, पुलिस टीम गांव गुलामी वाला की अनाज मंडी में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक युवक शेड के नीचे बैठा दिखाई दिया। पुलिस ने उसे नशा करते हुए देखा, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली गई। आरोपी के पास से 2.17 ग्राम हेरोइन, सिल्वर पेपर और एक लाइटर बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान इंदरजीत सिंह के रूप में हुई।
इसी तरह घल्लखुर्द थाना पुलिस के एएसआई विक्रमजीत सिंह ने बताया कि पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने शक के आधार पर प्रिंस उर्फ वंश को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
मक्खू थाना पुलिस के एएसआई सुखदेव सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस टीम ने रछपाल सिंह उर्फ जस्सा को संदेह के आधार पर पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 3 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में नशा तस्करी से जुड़े प्रावधानों के तहत मामले दर्ज किए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद हेरोइन उन्हें कहां से मिली और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है।