summer express , राकेश, ऊना। ऊना शहर के वार्ड नंबर पांच में सामाजिक सुरक्षा और सहारा पेंशन समय पर नहीं मिलने से पात्र लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेंशन पर निर्भर लोगों ने सरकार से निर्धारित समय पर राशि जारी करने की मांग की है। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय पूर्व पार्षद एवं ऊना नगर निगम के पूर्व उपाध्यक्ष जनकराज खजांची के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनकराज खजांची ने सरकार पर पेंशन वितरण में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा और सहारा पेंशन जरूरतमंद और असहाय लोगों के लिए जीवनयापन का महत्वपूर्ण सहारा है। ऐसे में पेंशन की राशि समय पर जारी नहीं होने से बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य पात्र लोगों को आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
जनकराज खजांची ने आरोप लगाया कि सरकार संभवत: पेंशन के लिए जारी होने वाली राशि का कहीं अन्य इस्तेमाल कर रही है, जिसके कारण पात्र लोगों को समय पर भुगतान नहीं हो पा रहा। उन्होंने सरकार से इस व्यवस्था में सुधार करने और पेंशन की राशि तय समय पर जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पेंशन पर निर्भर लोगों के प्रति सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए, ताकि उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए परेशान न होना पड़े।
बैठक के दौरान पेंशन की पात्र प्रीति सामा, बीरो देवी, स्वर्णा देवी और विमला देवी ने भी अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा कि उनका घर का खर्च काफी हद तक पेंशन की राशि पर निर्भर है। समय पर पेंशन नहीं मिलने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों से जूझना पड़ता है। उन्होंने सरकार से नियमित रूप से और निर्धारित समय पर पेंशन जारी करने की मांग की।
स्थानीय लोगों ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन किसी तरह की अतिरिक्त सुविधा नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों के लिए जीवनयापन का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए इसके भुगतान में देरी को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। इस अवसर पर प्रमोद वर्मा, सुभाष सांभर, रवीश वर्मा, पवन कुमार और अच्छर ठाकुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।