summer express , गुरुग्राम। सेक्टर-69 स्थित स्पेज कॉरपोरेट मॉल के बाहर खड़ी टाटा पंच कार में रात अचानक आग लग गई। घटना रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। आग लगने से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, कार चालक किसी काम से मॉल के अंदर गया था और उसने कार को बाहर पार्क किया हुआ था। इसी दौरान कार के बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में धुआं बढ़ गया और कार के आगे के हिस्से से आग की लपटें उठने लगीं। घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर सामने आया है।
कार में आग लगते ही मॉल के बाहर तैनात सुरक्षा गार्ड तुरंत हरकत में आ गए। उन्होंने फायर सिलिंडर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझ जाने से आग आसपास की अन्य गाड़ियों या मॉल परिसर तक नहीं पहुंच सकी और बड़ा हादसा टल गया।
आग की चपेट में आने से कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात रही कि घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। कार में आग किस कारण से लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।