पलवल | पलवल जिले के बहीन थाना पुलिस ने फर्जी सीआईए स्टाफ बनकर लूट और मारपीट करने वाले गिरोह के चौथे सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गोहपुर निवासी समीम ने शिकायत दी थी कि 29 मई की रात वह अपने रिश्तेदार के साथ बाइक पर घर लौट रहा था, तभी फरदड़ी और कोट गांव के बीच एक सफेद कार ने उनकी बाइक को टक्कर मारी।
कार में सवार पांच बदमाश हथियार लेकर उतरे और खुद को CIA स्टाफ बताया। दोनों को कार में जबरन बैठाकर अलीमेव गांव के जंगल में ले जाया गया, जहां उनसे 42 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया गया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और फोन-पे पासवर्ड पूछकर परिवार से पैसे मंगवाने की कोशिश भी की गई।
बदमाशों ने कोट गांव ले जाकर समीम के फोन से ₹1300 का सामान खरीदा और फिर दोनों को जंगल में उतारकर ₹100 देकर फरार हो गए।
इस मामले में पहले तीन आरोपियों मकसूद, जावेद और नदीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। अब 15 जुलाई को चौथे आरोपी मोहम्मद नसीम को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल हथियार पहले ही एक अन्य केस में बरामद हो चुका है। पुलिस अब आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।