Summer express, हिसार। अग्रोहा थाना क्षेत्र के गांव श्यामसुख में दुकान से सामान खरीद रही बुजुर्ग महिला के गले से सोने का पेंडल छीनने का प्रयास करने और विरोध करने पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान उकलाना क्षेत्र के मुगलपुरा निवासी विक्रम उर्फ ढीढू और भूना निवासी विक्रम उर्फ विक्की के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान पीछा किए जाने पर दोनों आरोपियों ने एक मकान से कूदकर भागने की कोशिश की, जिससे उनके पैरों में फ्रैक्चर हो गया। दोनों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, वारदात गांव श्यामसुख में हुई थी। बुजुर्ग महिला दुकान से सामान खरीद रही थी, तभी दोनों आरोपियों ने उसके गले से सोने का पेंडल छीनने का प्रयास किया। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की थी।
पुलिस पूछताछ में विक्रम उर्फ ढीढू ने बताया कि वह पिछले करीब दो वर्षों से चिट्टे का सेवन कर रहा है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में नशे की पूर्ति के लिए लूटपाट और अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देने की बात सामने आई है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पूछताछ के दौरान विक्रम उर्फ ढीढू ने अपने साथी विक्रम उर्फ विक्की और जग्गी के साथ मिलकर करीब 40 से 45 दिन पहले एक अन्य महिला के गले से पेंडल छीनने की वारदात में शामिल होने की बात भी बताई। पुलिस के अनुसार, यह घटना गोगा मेड़ी से हरियाणा की ओर करीब 20 से 25 किलोमीटर की दूरी पर हुई थी। पुलिस इस जानकारी की पुष्टि करने के साथ मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विक्रम उर्फ ढीढू के खिलाफ फतेहाबाद के शहर थाना, भूना थाना और हिसार के आजाद नगर थाना में चोरी, अपहरण और धमकी सहित विभिन्न आरोपों में मामले दर्ज हैं। इनमें से कुछ मामले अदालत में विचाराधीन हैं। वहीं, विक्रम उर्फ विक्की के खिलाफ भी भूना, उकलाना और हिसार के आजाद नगर थाने में चोरी, लूट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज होने की जानकारी मिली है।
पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही, यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे अन्य किन वारदातों में शामिल रहे हैं।