Summer express, बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के एक पांच सितारा होटल में शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया। शहर के कॉनराड होटल के स्विमिंग पूल में कथित तौर पर करंट उतरने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने की कोशिश में एक अमेरिकी पर्यटक और होटल का कर्मचारी घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।
मृतकों की पहचान जर्मनी निवासी 57 वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस और स्लोवाकिया निवासी 45 वर्षीय जुराज होर्वाट के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अलेक्जेंडर लुफ्थांसा एयरलाइंस में चालक दल के सदस्य थे, जबकि जुराज आईबीएम कंपनी में परियोजना प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। दोनों होटल में ठहरे हुए थे।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम दोनों होटल की तीसरी मंजिल पर स्थित स्विमिंग पूल में तैरने गए थे। इसी दौरान कथित तौर पर पूल में करंट फैल गया और दोनों उसकी चपेट में आ गए। उन्हें बचाने के लिए होटल में ठहरे 41 वर्षीय अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसैंटिस और 28 वर्षीय पूल अटेंडेंट राहुल तिवारी ने प्रयास किया। इस दौरान दोनों भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को तुरंत मणिपाल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे के कारणों का अभी तक आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि स्विमिंग पूल में करंट कैसे फैला और सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक तो नहीं हुई। वहीं, होटल प्रबंधन की ओर से घटना को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इस बीच, शनिवार सुबह होटल की वेबसाइट पर सूचना दी गई कि उसका स्विमिंग पूल 31 अक्टूबर से 30 नवंबर तक रखरखाव कार्य के चलते बंद रहेगा। कॉनराड होटल हिल्टन समूह का 24 मंजिला लग्जरी होटल है। घटना के बाद होटल के स्विमिंग पूल में बिजली सुरक्षा और रखरखाव की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। होटल में एक सामान्य कमरे का किराया भी करीब 25 हजार रुपये प्रति रात से शुरू होता है।