Summer express, अंबाला (अंकुर कपूर) | अंबाला छावनी में धार्मिक आयोजन के साथ समाजसेवा की पहल करते हुए बाल कृष्ण क्लब की ओर से 24वें विशाल मां भगवती जागरण और सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से क्लब जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह करवाने की जिम्मेदारी भी निभाएगा, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी बेटी की शादी में परेशानी न आए।
बाल कृष्ण क्लब की ओर से अंबाला छावनी के डीसी रोड पर एक नवंबर को 24वें विशाल मां भगवती जागरण का आयोजन किया जाएगा, जबकि दो नवंबर को सामूहिक विवाह समारोह आयोजित होगा। आयोजकों ने बताया कि जागरण के दौरान मां भगवती की महिमा का गुणगान किया जाएगा। भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर किया जाएगा। इस अवसर पर पंजाबी गायक लवेश लब भी मां भगवती का गुणगान करेंगे।
आयोजन का मुख्य आकर्षण सामूहिक विवाह समारोह रहेगा। इसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानजनक तरीके से करवाया जाएगा। क्लब के सदस्यों का कहना है कि आर्थिक तंगी किसी भी परिवार की बेटी की शादी में बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी उद्देश्य से क्लब की ओर से यह सामाजिक पहल की जा रही है।
संस्था के सदस्य योगेश मलिक ने बताया कि धार्मिक आयोजन के साथ जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना भी क्लब का उद्देश्य है। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज में सहयोग और सेवा भावना का संदेश दिया जाएगा।