निःशुल्क जांच सुविधा बंद होने से मरीज परेशान, सरकार तुरंत बहाल करे स्वास्थ्य सेवाएं : जयराम ठाकुर
Summer express/मंडी-: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरदार पटेल यूनिवर्सिटी मंडी में आयोजित विकसित भारत युवा संवाद ‘नो योर वोट’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य केवल मतदाता सूची को शुद्ध करना है। इसका सीधा अर्थ है कि गलत नाम मतदाता सूची में शामिल न हों और किसी भी पात्र मतदाता का सही नाम सूची से न कटे। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस की रैली में शामिल कई लोगों को एसआईआर की वास्तविक जानकारी तक नहीं थी। उन्हें गलत तथ्यों के आधार पर गुमराह किया गया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी सही जानकारी लोगों तक पहुंचाएं और किसी को भी राजनीतिक दुष्प्रचार का शिकार न बनने दें।
वहीं जयराम ठाकुर ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार प्रदेश के अस्पतालों में निःशुल्क जांच सुविधा बंद करवाकर मरीजों की परेशानियां बढ़ा रही है। बीते कल से प्रदेश के अस्पतालों में निःशुल्क जांच करने वाली लैब का कामकाज प्रभावित होने से मरीजों को बिना जांच इलाज करवाने में दिक्कतें आ रही हैं। मजबूरी में लोगों को महंगी निजी लैब का सहारा लेना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन सरकार इस जिम्मेदारी को निभाने के बजाय केवल बयानबाजी कर रही है। बिना जरूरी जांच के मरीजों का सही उपचार संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद से ही कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लगातार कमजोर किया है। पहले हिमकेयर योजना को प्रभावित किया गया और अब निःशुल्क जांच सुविधा पर भी संकट खड़ा हो गया है।नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से मांग की कि प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बंद किया जाए और अस्पतालों में निःशुल्क जांच सुविधा तत्काल बहाल की जाए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े।