सारण | जिले के अमनौर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोलकाता जाने के लिए ट्रेन पकड़ने पटना जा रहे यात्रियों की बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में आठ लोग घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना अमनौर-सोनहो मुख्य मार्ग (राजकीय राजमार्ग संख्या 73) पर खोरी पाकर स्थित गोविंद पेट्रोल पंप के समीप हुई। जानकारी के मुताबिक, तरैया थाना क्षेत्र के छोटा माधवपुर गांव के निवासी गुलवासा खातून समेत अन्य लोग बोलेरो वाहन से पटना जा रहे थे। रास्ते में वाहन का संतुलन बिगड़ा और वह पेड़ से जा भिड़ा।
स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर अमनौर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया है।
घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है: गुलवासा खातून (25), आशिकी अशफाक (9), आसिफ राजा, अस्तुन निशा (60), अब्दुल रेहान (18), अलादीन राजा (2), मंजूर आलम (65) सहित अन्य एक यात्री। सभी घायल तरैया थाना क्षेत्र के छोटा माधवपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।