यमुनानगर | हरियाणा के यमुनानगर में चोरों ने चोरी की एक हैरान करने वाली योजना को अंजाम दिया। खुद को BSNL कर्मचारी बताकर एक गिरोह ने जेसीबी मशीन के ज़रिए सड़क किनारे गड्ढा खुदवाया और BSNL की मोटी केबल काटकर चुरा ली। यह घटना प्यारा चौक के पास देर रात को हुई और पूरी वारदात पास की दुकान के CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर कुछ युवक मशीन छोड़कर भाग निकले, लेकिन पुलिस ने दो आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने BSNL कर्मचारी बनकर मशीन किराए पर ली थी और केबल को टुकड़ों में काटकर चुराने की योजना बना रखी थी।
मौके पर किसी के पास कोई वैध अनुमति या दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने BSNL के एसडीओ श्यामलाल को सूचना दी। जांच के बाद एसडीओ ने केबल चोरी की लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
CCTV फुटेज के आधार पर अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस सूत्रों का मानना है कि यह केबल चोरी गैंग का नेटवर्क दिल्ली तक फैला हुआ हो सकता है और इस गिरोह के पकड़ में आने से ऐसी कई घटनाओं का खुलासा हो सकता है।