खन्ना | पंजाब के खन्ना में रविवार रात ग्रीनलैंड होटल के पास हुई गोलीबारी की घटना ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह फायरिंग किसी आपराधिक रंजिश का नहीं, बल्कि एक युवती से दोस्ती को लेकर चले आ रहे विवाद का नतीजा थी। इस गोलीकांड में सरहिंद निवासी निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए चंडीगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी (इन्वेस्टिगेशन) पवनजीत चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जांच में पता चला कि अमन और तेजवीर नामक युवकों के बीच एक युवती को लेकर लंबे समय से तनातनी चल रही थी, जिसे सुलझाने के लिए पहले भी दो बार बैठकें की जा चुकी थीं।
रविवार रात ग्रीनलैंड होटल के पास तीसरी बैठक के दौरान विवाद दोबारा भड़क गया और बहस ने कुछ ही पलों में हिंसक रूप ले लिया। हवाई फायरिंग के बाद जवाबी गोलियों की बौछार हुई। इसी दौरान निखिल, जो तेजवीर गुट से जुड़ा बताया जा रहा है, मुंह में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल निखिल को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया और बाद में चंडीगढ़ पीजीआईएमईआर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
पुलिस इस घटना को गैंगवार के नजरिए से भी गंभीरता से जांच रही है और पूरे नेटवर्क को उजागर करने की तैयारी चल रही है।