पानीपत | हरियाणा के बेटे और ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। भिवानी जिले के खंडरा गांव से ताल्लुक रखने वाले इस भाला फेंक सितारे ने शुक्रवार को जर्मनी में आयोजित डायमंड लीग मुकाबले में जीत हासिल कर इतिहास रच दिया।
नीरज ने इस बार जर्मनी के जूलियन वेबर को पछाड़ते हुए दो साल बाद अपना पहला डायमंड लीग खिताब जीता। इससे पहले पेरिस लीग में लगातार दो बार वह दूसरे स्थान पर रहे थे। लेकिन इस बार उन्होंने पहले ही राउंड में 88.16 मीटर का भाला फेंककर बाज़ी मार ली।
मुकाबले का हाल
प्रतियोगिता में 90 मीटर क्लब के पांच दिग्गज खिलाड़ी शामिल थे। नीरज का दूसरा थ्रो 85.10 मीटर का रहा, जबकि अगली तीन बार वह फाउल कर गए। अंतिम यानी छठे प्रयास में उन्होंने 82.89 मीटर का थ्रो किया। वहीं, जर्मनी के वेबर ने अपने पहले थ्रो में 87.88 मीटर का थ्रो फेंका और दूसरे स्थान पर रहे। ब्राजील के लुइज मौरिसियो दा सिल्वा ने 86.62 मीटर का थ्रो कर तीसरा स्थान हासिल किया।
पिछली परफॉर्मेंस पर भी डाली नजर
बता दें कि 16 मई को दोहा में हुई डायमंड लीग प्रतियोगिता में नीरज ने 90.23 मीटर का शानदार थ्रो फेंका था, लेकिन जूलियन वेबर ने आखिरी राउंड में 91.06 मीटर का थ्रो कर खिताब जीत लिया था।लेकिन इस बार हरियाणा के इस ‘गोल्डन बॉय’ ने पहले ही प्रयास में इतनी बढ़त बना ली कि कोई उन्हें चुनौती नहीं दे सका।