चंडीगढ़ | उत्तर पश्चिम रेलवे ने हरियाणा और राजस्थान के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक खुशखबरी दी है। 5 जुलाई से दो विशेष रेलसेवाएं शुरू की जा रही हैं, जो श्रद्धालुओं और आम यात्रियों दोनों के लिए सुविधाजनक साबित होंगी। खासकर खाटू श्याम के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को इन ट्रेनों से बड़ी राहत मिलेगी।
रेवाड़ी-रींगस स्पेशल ट्रेन सेवा (09637/09638)
उत्तर पश्चिम रेलवे की गाड़ी संख्या 09637, रेवाड़ी से रींगस स्पेशल ट्रेन, 5, 6, 10, 12, 13, 19, 20, 21, 24, 26 और 27 जुलाई को सुबह 11:45 बजे रेवाड़ी से रवाना होकर दोपहर 2:45 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09638 रींगस से दोपहर 3:05 बजे चलकर शाम 6:20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी।
स्टॉपेज और डिब्बों की जानकारी:
यह ट्रेन कुंड, काठूवास, अटेली, नारनौल, अमरपुर जोरासी, निजामपुर, डाबला, मांवड़ा, नीम का थाना, कावंट और श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में कुल 10 डिब्बे होंगे, जिनमें 8 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं।
जयपुर-भिवानी स्पेशल ट्रेन सेवा (09733/09734)
गाड़ी संख्या 09733 जयपुर से भिवानी स्पेशल ट्रेन जुलाई महीने में हर दिन सुबह 7:00 बजे जयपुर से रवाना होकर दोपहर 2:20 बजे भिवानी पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 09734 भिवानी से जयपुर के लिए हर दिन शाम 4:05 बजे रवाना होकर रात 11:25 बजे जयपुर पहुंचेगी।
स्टॉपेज और डिब्बों की जानकारी:
इस रूट पर ट्रेन ढेहर का बालाजी, नींदर बैनाड, चौमू सामोद, गोविंदगढ़ मलिकपुर, रींगस, श्रीमाधोपुर, कावंट, नीम का थाना, मांवड़ा, डाबला, निजामपुर, नारनौल, अटेली, कुंड, रेवाड़ी, कोसली, झाड़ली और चरखी दादरी स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें 9 सामान्य डिब्बे और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 11 कोच होंगे।
यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा
इन विशेष रेल सेवाओं से न केवल धार्मिक यात्रियों को खाटू श्याम मंदिर तक पहुंचने में सुविधा होगी, बल्कि आम यात्रियों को भी हरियाणा और राजस्थान के बीच एक बेहतर विकल्प मिलेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले समय और स्टेशन की पुष्टि अवश्य करें।