मोगा | पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री तानिया के पिता डॉ. अनिलजीत कंबोज उर्फ डॉ. नन्नी पर मोगा जिले के कस्बा कोट इसे खां में दिनदहाड़े जानलेवा हमला हुआ है। दो अज्ञात युवकों ने उनके क्लीनिक में घुसकर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, डॉ. नन्नी रोजाना की तरह अपने हरबंस क्लीनिक में मरीजों को देख रहे थे, तभी दो युवक क्लीनिक में दाखिल हुए और उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनकी छाती और बाजू में लगने की पुष्टि हुई है। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हमले के पीछे की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश जारी है। डॉ. अनिलजीत को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रशासन और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।