यमन | यमन तट के पास लाल सागर में रविवार को एक मालवाहक जहाज पर हथियारबंद हमलावरों ने हमला कर दिया, जिसके बाद जहाज में भीषण आग लग गई। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, इस हमले में गोलीबारी, RPG (रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड) और संभवतः बम से भरी नौकाओं का इस्तेमाल किया गया।
यूके मेरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर (UKMTO) ने पुष्टि की कि यह घटना यमन के होदेदा बंदरगाह से लगभग 100 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में हुई। हमले के समय जहाज पर तैनात सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
किसने किया हमला, अब तक साफ नहीं
अब तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन हूती विद्रोहियों पर शक गहराया है। गौरतलब है कि हूती गुट इससे पहले भी लाल सागर शिपिंग रूट पर हमले कर चुका है। हमला ऐसे समय हुआ है जब इजराइल-हमास संघर्ष, ईरान-इजराइल तनाव और अमेरिका द्वारा ईरान के परमाणु ठिकानों पर कार्रवाई के चलते पूरा क्षेत्र तनाव की चपेट में है।
‘अज्ञात मिसाइल’ से भी हुआ हमला
UKMTO के मुताबिक, जहाज पर हुए हमले के बाद उसमें अज्ञात प्रक्षेपास्त्रों से भी निशाना साधा गया, जिससे जहाज में आग भड़क उठी। फिलहाल अधिकारी घटना की विस्तृत जांच कर रहे हैं और जहाज के चालक दल की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
क्या कहती है अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियां?
यूके मेरीटाइम एजेंसी के अनुसार, स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी जहाजों को इस रूट पर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। लाल सागर, खासकर यमन तटवर्ती इलाका, हाल के महीनों में सामरिक रूप से संवेदनशील बन गया है, जहां वाणिज्यिक जहाजों पर हमले की घटनाएं बढ़ी हैं।