पानीपत | हरियाणा के पानीपत में रविवार देर रात GT रोड फ्लाईओवर पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यह टक्कर चंडीगढ़ से दिल्ली की ओर जाने वाली लेन पर रात करीब 12:30 बजे हुई, जब एक कंटेनर डिवाइडर तोड़कर गलत दिशा में घुस गया और सामने से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के ठीक बाद पीछे से आ रही एक थार SUV भी बस से टकरा गई।
चार लोग गंभीर रूप से घायल, राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
इस हादसे में रोडवेज बस का चालक, परिचालक और दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को पानीपत के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
15 यात्रियों से भरी थी बस
बहादुरगढ़ डिपो से चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही बस को बापड़ोदा (झज्जर) निवासी चालक दिनेश चला रहे थे। उनके साथ परिचालक अमित भी थे, जो उसी गांव के रहने वाले हैं। चालक दिनेश ने बताया कि जैसे ही बस यमुना एन्क्लेव फ्लाईओवर के पास पहुंची, एक कंटेनर अचानक डिवाइडर तोड़कर गलत लेन में घुस आया और उनकी बस से टकरा गया।
टक्कर के बाद पीछे से तेज़ रफ्तार में आ रही काली रंग की थार SUV भी बस में जा घुसी। हादसे में परिचालक अमित के पैर में गंभीर चोट आई है, जबकि एक यात्री हरविंद्र सिंह के मुंह पर गहरी चोटें आईं। एक अन्य सवारी का पैर टूट गया और चालक दिनेश को भी घुटनों में चोटें लगीं।
हादसे के बाद कंटेनर चालक फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
दुर्घटना के बाद फ्लाईओवर पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। सूचना मिलने पर नेशनल हाईवे अथॉरिटी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कंटेनर और बस को हटाकर यातायात सुचारू किया गया। फिलहाल कंटेनर चालक मौके से फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।