लुधियाना | चंडीगढ़ रोड स्थित राजीव गांधी कॉलोनी में शनिवार को एक तेज धमाके से हड़कंप मच गया। गैस सिलेंडर फटने से हुए इस धमाके में एक दंपति बुरी तरह झुलस गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें चंडीगढ़ के पी.जी.आई. रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों की दीवारें भी थर्रा उठीं। हादसे के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस व दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया। अब तक हादसे के पीछे गैस रिसाव को कारण माना जा रहा है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।