Mandi, Dharamveer
हिमाचल प्रदेश के सरकाघाट क्षेत्र के तरांगला में हुई एचआरटीसी बस दुर्घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने जारी कर दिए हैं। सरकाघाट पहुंचकर उन्होंने हादसे में घायल लोगों का हाल जाना और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। हादसे में अब तक 8 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 22 अन्य घायल हैं।
डिप्टी सीएम ने घायलों से बातचीत में जाना कि हादसा सामने से आ रही बाइक को बचाने की कोशिश में हुआ। उन्होंने कहा कि यह पीड़ितों की ओर से दी गई जानकारी है, लेकिन हादसे की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।डिप्टी सीएम ने कहा, “फिलहाल हमारा पहला उद्देश्य घायलों को बेहतर इलाज देना है। हादसे की सभी पहलुओं से जांच होगी, ताकि असल कारण सामने आ सके। उन्होंने निगम की बसों की स्थिति को लेकर भी जवाब दिया कि बसों की नियमित तकनीकी जांच होती है और हाल ही में बेड़े में 250 नई बसें शामिल की गई हैं। जल्द ही 300 इलेक्ट्रिक बसें भी जोड़ी जाएंगी।
घटना स्थल का भी डिप्टी सीएम ने अधिकारियों संग निरीक्षण किया और बाद में नेरचौक मेडिकल कॉलेज जाकर भी घायलों से मुलाकात की।