4 August, 2025
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने रविवार को घोषणा की कि उसके खिलाड़ी अब भविष्य में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में हिस्सा नहीं लेंगे। बोर्ड ने टूर्नामेंट आयोजकों पर भारत के पक्ष में पक्षपात करने और खेल भावना से समझौता करने का आरोप लगाया।
यह कदम उस समय उठाया गया जब भारतीय टीम ने पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद चले ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनज़र पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप चरण और सेमीफाइनल दोनों मैच खेलने से इंकार कर दिया। इसके बावजूद, डब्ल्यूसीएल ने अंक भारत को दे दिए, जिस पर पीसीबी ने कड़ी आपत्ति जताई।
पीसीबी के अध्यक्ष मोहसिन नकवी की अध्यक्षता में हुई वर्चुअल बोर्ड बैठक के बाद जारी बयान में कहा गया—ऐसे टूर्नामेंट में भाग लेने का कोई औचित्य नहीं है जहाँ पक्षपातपूर्ण राजनीति खेल भावना पर हावी हो और निष्पक्ष खेल के सिद्धांत कमजोर पड़ जाएँ।”भारतीय टीम में शिखर धवन, युवराज सिंह, इरफ़ान पठान, सुरेश रैना और हरभजन सिंह जैसे दिग्गज खिलाड़ी शामिल थे। भारत के सेमीफाइनल में न खेलने के चलते पाकिस्तान सीधे फाइनल में पहुँचा।
बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन के सह-स्वामित्व वाली डब्ल्यूसीएल ने मैच रद्द होने पर माफ़ी माँगी, लेकिन पीसीबी ने इसे “हास्यास्पद” बताते हुए कहा कि यह अनजाने में इस बात की स्वीकारोक्ति है कि आयोजनकर्ता एक खास राष्ट्रवादी भावना के आगे झुक गए।सूत्रों के मुताबिक, डब्ल्यूसीएल के भारतीय प्रमोटर पहले से ही भविष्य के टूर्नामेंटों से पाकिस्तानी टीम को बाहर करने पर विचार कर रहे हैं।