नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सोमवार को द्वारका स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), मॉडर्न कॉन्वेंट स्कूल और श्रीराम वर्ल्ड स्कूल को संदिग्ध धमकी भरे संदेश मिले, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
घटना के बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “दिल्ली के स्कूलों को बार-बार धमकियां मिल रही हैं, लेकिन न अब तक किसी को पकड़ा गया, न कोई ठोस कार्रवाई हुई। भाजपा की चार इंजन सरकारें—केंद्र, दिल्ली, एमसीडी और उपराज्यपाल—पूरी तरह फेल साबित हुई हैं।”
इसी तरह आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी ने भी सवाल उठाते हुए कहा कि बच्चे और अभिभावक खौफ के साए में हैं, लेकिन दिल्ली पुलिस की कार्रवाई नदारद है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा देने में भाजपा सरकार पूरी तरह असफल रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी की जांच की जा रही है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लेकिन लगातार मिल रही धमकियों ने अभिभावकों और बच्चों की चिंता बढ़ा दी है।