नई दिल्ली | वित्त मंत्रालय 9 अक्टूबर से वित्त वर्ष 2026-27 के लिए बजट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करेंगे। वैश्विक अनिश्चितताओं और भारतीय सामान पर अमेरिकी 50 प्रतिशत शुल्क को देखते हुए बजट में मांग बढ़ाने, रोजगार सृजन और अर्थव्यवस्था को सतत आठ प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर पर लाने पर ध्यान दिया जाएगा।
सरकार का अनुमान है कि चालू वित्त वर्ष के दौरान देश की आर्थिक वृद्धि दर 6.3 से 6.8 प्रतिशत के बीच रहेगी। आर्थिक मामलों के विभाग के बजट परिपत्र के अनुसार, सचिव (व्यय) की अध्यक्षता में बजट-पूर्व बैठकें 9 अक्टूबर, 2025 से शुरू होंगी। परिपत्र में मंत्रालयों और वित्तीय सलाहकारों को निर्देश दिया गया है कि बजट से संबंधित सभी विवरण 3 अक्टूबर, 2025 तक सही तरीके से दर्ज किए जाएँ और आवश्यक हार्ड कॉपी सत्यापन के लिए जमा की जाए।
वित्त वर्ष 2026-27 के बजट अनुमानों को बजट-पूर्व बैठकों के पूरा होने के बाद अस्थायी रूप दिया जाएगा, जबकि संशोधित अनुमान (आरई) बैठकें नवंबर 2025 के मध्य तक जारी रहेंगी।
सभी मंत्रालयों और विभागों को अपने स्वायत्त निकायों और कार्यान्वयन एजेंसियों का विवरण भी प्रस्तुत करना होगा। इसमें उनके जारी रहने के कारण, अनुदान सहायता की आवश्यकता और इसे समाप्त न करने के तर्क शामिल होंगे।
सरकार की योजना है कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 का बजट संसद के बजट सत्र के दौरान 1 फरवरी को पेश किया जाएगा। चालू वित्त वर्ष में बाजार मूल्य पर 10.1 प्रतिशत वृद्धि और राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का 4.4 प्रतिशत रहने का अनुमान है।