कांग्रेस आग्रह भी करे तो भी नहीं होऊंगा शामिल
Hamirpur/ Arvind
बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कांग्रेस पार्टी और प्रदेश सरकार पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी उनसे शामिल होने का आग्रह भी करे, तब भी वह कभी कांग्रेस में नहीं जाएंगे।
हमीरपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान विधायक लखनपाल ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के हालिया बड़सर दौरे को पूरी तरह असफल बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को विभागों में चल रही योजनाओं की सही जानकारी नहीं है और उन्हें अपना ज्ञान दुरुस्त करने की आवश्यकता है।लखनपाल ने उदाहरण देते हुए कहा कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र में 131 करोड़ रुपये की पेयजल योजना बनाई जा रही है, लेकिन मुख्यमंत्री ने इसे 150 करोड़ रुपये की बताकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की।
विधायक ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने बड़सर दौरे के दौरान एक विकलांग व्यक्ति से मुलाकात तक नहीं की, जो विश्राम गृह में उनसे मिलने पहुंचे थे। इससे विकलांग समुदाय में निराशा और रोष है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जनसभा में यह दावा किया कि हमीरपुर में कैंसर अस्पताल के लिए 300 करोड़ रुपये की राशि राज्य सरकार ने जारी की है, जबकि यह राशि केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनता के सामने झूठी वाहवाही लूटने का प्रयास कर रहे हैं।विधायक लखनपाल ने मुख्यमंत्री के उस बयान की भी आलोचना की जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस को वोट देने वाले शरीफ और भाजपा को वोट देने वाले बेईमान हैं।लखनपाल ने इसे जनता का अपमान बताया और कहा कि मुख्यमंत्री को ऐसे दुर्भाग्यपूर्ण बयानों से बचना चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि उपचुनाव के दौरान कांग्रेस पार्टी ने उन्हें हराने के लिए धन-बल का खुला प्रयोग किया, लेकिन जनता ने सच्चाई का साथ दिया।