पंचकूला I पंचकूला-जीरकपुर बॉर्डर पर स्थित AURA गार्डन बैंक्वेट हॉल में शनिवार रात शादी समारोह के दौरान अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के समय हॉल में शादी का कार्यक्रम चल रहा था, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा हॉल धुएं से भर गया। आग की लपटों ने पास स्थित शेखों बैंक्वेट हॉल को भी अपनी चपेट में ले लिया। कई गाड़ियां और सजावट का सामान जलकर खाक हो गया।
दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन आग लगने के कारणों की जांच जारी है।