चंडीगढ़ I पंजाब में एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 4 और 5 नवंबर को राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ आज से सक्रिय हो रहा है, जिसके असर से अगले दो दिनों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
फिलहाल राज्य में मौसम सामान्य बना हुआ है, लेकिन रात का तापमान सामान्य से करीब 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी दिनों में तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का असर बढ़ेगा।
इन जिलों में बारिश की संभावना
विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, 4 नवंबर को गुरदासपुर, पठानकोट और होशियारपुर जिलों में बारिश हो सकती है। वहीं 5 नवंबर को बारिश का दायरा बढ़कर पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर और रूपनगर तक पहुंच सकता है।
बारिश के साथ ही दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री की कमी दर्ज की गई है।
हालांकि, विभाग ने 3, 6 और 7 नवंबर को मौसम के सामान्य रहने की संभावना जताई है और फिलहाल किसी भी जिले के लिए अलर्ट जारी नहीं किया गया है।