सोनीपत I जिले के गोहाना-सोनीपत रोड पर खेड़ी दमकन बाईपास के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और ईको कार की आमने-सामने टक्कर में दंपती और उनकी दो वर्षीय मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में मातम छा गया।
मृतकों की पहचान गांव बिधल निवासी अशोक, उनकी पत्नी आशु और बेटी चेष्टा (2 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, यह परिवार भिवानी में आयोजित एक सत्संग कार्यक्रम से लौट रहा था।
रात के समय जैसे ही उनकी ईको कार खेड़ी दमकन बाईपास पर पहुंची, सामने से आ रही पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने अचानक साइड दबा दी, जिससे दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और आगे बैठे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
कार की पिछली सीट पर सवार सरिता, उनकी बेटी सृष्टि और गांव के युवक वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सरिता और सृष्टि ने रास्ते में लिफ्ट ली थी। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।