चोरी हुए मोबाइल की रिकवरी में शिमला पुलिस को राष्ट्रीय सम्मान
Shimla, Sanju
केंद्रीय संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग द्वारा क्यारीघाट में आयोजित उत्तर क्षेत्रीय टेलीकॉम सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस में शिमला पुलिस को विशेष सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) योजना के तहत चोरी या खोए मोबाइल फोन की तलाश में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया।
उत्तर भारत में 5वां और प्रदेश में पहला स्थान
शिमला जिले ने पूरे उत्तर भारत में पांचवां स्थान और हिमाचल प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के लिए दूरसंचार विभाग ने शिमला पुलिस को सम्मानित किया, जिसने मोबाइल रिकवरी में राष्ट्रीय औसत से भी बेहतर सफलता दर दर्ज की है।
SSP शिमला संजीव गांधी ने सम्मान प्राप्त करने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि यह उपलब्धि पुलिस टीम की कड़ी मेहनत, आधुनिक तकनीक के उपयोग और विभिन्न एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय का परिणाम है।उन्होंने कहा कि डिजिटल फुटप्रिंट और नेटवर्किंग आज के समय की रीढ़ हैं। शिमला पुलिस बड़ी संवेदनशीलता से गुम हुए मोबाइल फोनों की ट्रैकिंग करती है। यह आसान कार्य नहीं है, बल्कि अनुभव, तकनीकी ज्ञान और लगातार प्रयास का नतीजा है।उन्होंने बताया कि डिजिटल उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल से चोरी के मामलों में वृद्धि हुई है, लेकिन पुलिस ने इस चुनौती को अवसर में बदला है। गांधी ने दूरसंचार विभाग का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे सम्मान पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हैं और भविष्य में भी शिमला पुलिस मोबाइल चोरी और साइबर अपराधों से निपटने में पूरी तत्परता से कार्य करेगी।
उल्लेखनीय है कि CEIR योजना भारत सरकार के संचार मंत्रालय के तहत संचालित की जाती है, जो चोरी या खोए मोबाइल फोनों की पहचान और रिकवरी के लिए एक केंद्रीय डेटाबेस के रूप में काम करती है।