भिवानी। लंबे इंतजार के बाद हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) का परिणाम जारी कर दिया गया है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने रविवार को अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर वीडियो जारी कर परीक्षा परिणाम की घोषणा की। इस बार बोर्ड ने बिना प्रेस कॉन्फ्रेंस के ही रिजल्ट ऑनलाइन माध्यम से घोषित किया।
शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कुल 3.31 लाख परीक्षार्थियों में से लगभग 47 हजार उम्मीदवार परीक्षा में सफल रहे हैं। इस बार कुल पास प्रतिशत करीब 14 प्रतिशत दर्ज किया गया है। लेवल-1 का परीक्षा परिणाम 16.2 प्रतिशत, लेवल-2 का 16.4 प्रतिशत और लेवल-3 का 9.6 प्रतिशत रहा।
गौरतलब है कि HTET परीक्षा का आयोजन 30 और 31 जुलाई को प्रदेशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कराया गया था। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार सफलता प्रतिशत में हल्की गिरावट देखने को मिली है।