Una, Rakesh
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में इंडोनेशिया की महिला क्रिकेट टीम पहुंच चुकी है।टीम इन दिनों जवाहर नवोदय विद्यालय, पेखूबेला के क्रिकेट मैदान में अभ्यास सत्र कर रही है।यह अभ्यास सत्र आगामी साउथ एशियन प्रतियोगिताओं की तैयारी के तहत आयोजित किया जा रहा है, जो बैंकॉक में 9 से 21 नवंबर तक होने वाली हैं। इस प्रतियोगिता में लगभग 30 देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
इंडोनेशिया महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच डॉ. विकास यादव ने बताया कि उन्होंने अभ्यास के लिए हिमाचल प्रदेश को इसलिए चुना क्योंकि यहां का वातावरण स्वच्छ है और ऊना में बेहतरीन क्रिकेट सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि ऊना भले ही एक छोटा जिला है, लेकिन यहां का क्रिकेट ग्राउंड और इंफ्रास्ट्रक्चर अंतरराष्ट्रीय स्तर का है।डॉ. यादव ने बताया कि वे पिछले एक वर्ष से इंडोनेशिया महिला क्रिकेट टीम से जुड़े हुए हैं और खिलाड़ियों की फिटनेस एवं खेल कौशल को निखारने में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल की अनुकूल जलवायु खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में सहायक है।
कोच डॉ. यादव ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और सांसद अरुण धूमल का आभार व्यक्त किया,जिनके प्रयासों से ऊना जैसे छोटे जिले में भी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को अभ्यास की सुविधाएं मिल रही हैं।उन्होंने कहा कि टीम के खिलाड़ी हिमाचल की मेहमाननवाजी और प्राकृतिक सौंदर्य से काफी प्रभावित हैं।डॉ. विकास यादव ने विश्वास जताया कि इंडोनेशिया की महिला क्रिकेट टीम बैंकॉक में होने वाली प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करेगी और देश का नाम रोशन करेगी।