नई दिल्ली। त्योहारी सीजन के बीच सोने-चांदी के दामों में लगातार तेजी देखी जा रही है। बुधवार (12 नवंबर) को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने की कीमत में एक बार फिर उछाल दर्ज किया गया। सोना ₹1,23,943 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करता नजर आया, जबकि चांदी ₹1,55,381 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
विशेषज्ञों का कहना है कि डॉलर की कमजोरी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा दिसंबर में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों ने इन कीमती धातुओं को मजबूती दी है। निवेशकों की सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से बुलियन मार्केट में तेजी बरकरार है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेजी
वैश्विक स्तर पर भी सोने की कीमतों में चौथे सत्र में लगातार बढ़त दर्ज की गई। स्पॉट गोल्ड 0.16% बढ़कर 4,120 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता नजर आया। वहीं, डॉलर इंडेक्स 99.46 के इंट्राडे लो पर पहुंच गया है, जो सोने के लिए पॉजिटिव संकेत है। आमतौर पर डॉलर कमजोर होने पर अन्य मुद्राओं में सोना सस्ता हो जाता है, जिससे अंतरराष्ट्रीय मांग में तेजी आती है।
कमोडिटी एक्सपर्ट्स के अनुसार, अगर फेड रेट कट की उम्मीदें और मजबूत हुईं, तो आने वाले हफ्तों में सोना ₹1.25 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर सकता है। वहीं, चांदी में भी निकट भविष्य में और 2-3% की तेजी देखी जा सकती है।