Dharamshala,Rahul-:प्रदेश सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित रैली में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य सरकार पर कड़े प्रहार किए। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार अपने तीन साल के कार्यकाल में एक भी नई योजना का नाम तक नहीं बता सकती, जबकि पिछली भाजपा सरकार की कई योजनाएं बंद कर दी गई हैं। उनके अनुसार हिमकेयर, शगुन-कन्यादान, गृहणी सुविधा योजना, स्वावलंबन और सहारा जैसी योजनाएं बंद होने से आम जनता में गहरी नाराज़गी है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में पहली बार जनता सरकार से नई सुविधाएं मांगने के बजाय पुरानी सुविधाएं बंद न करने की गुहार लगा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के विधायक भी लोगों के सवालों से बच रहे हैं क्योंकि उनके पास जवाब नहीं हैं।धर्मशाला में केंद्रीय विश्वविद्यालय का स्थायी परिसर न बनने को लेकर भी उन्होंने सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार ने सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद भी वर्तमान सरकार 30 करोड़ रुपये जारी नहीं कर रही है। साथ ही उन्होंने पालमपुर विश्वविद्यालय की भूमि को “मित्रों में बांटने” का आरोप दोहराया।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेशभर में सरकारी नीतियों और बढ़ती महंगाई को लेकर जनता निराश है। बिजली, पानी, टॉयलेट टैक्स और अंतिम संस्कार की लकड़ी तक पर कर बढ़ाने से लोगों में असंतोष है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार लगातार कर्ज ले रही है, लेकिन जनता को कोई राहत नहीं मिल रही है।
आपदा प्रभावित क्षेत्रों में तीन साल का जश्न मनाने के निर्णय को उन्होंने “असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा” बताया। जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस धन का उपयोग पुनर्वास में होना चाहिए था, उसे उत्सवों पर खर्च किया जा रहा है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू अपने “सनातन विरोधी बयानों” से विवाद खड़ा कर रहे हैं। उनका कहना था कि बच्चों के ‘राधे-राधे’ अभिवादन पर सवाल उठाना अनावश्यक था और कांग्रेस में ऐसा रुख लगातार देखने को मिलता है।जयराम ठाकुर ने दावा किया कि जिस प्रकार से जनता में आक्रोश बढ़ रहा है, आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को “ऑल्टो गाड़ी में फिट” करना जनता तय कर चुकी है।