यूएई में नौकरी का मौका: डिलीवरी राइडर्स व वेयरहाउस हेल्पर के लिए कैंपस इंटरव्यू
Mandi, Dharamveer-:विदेश में नौकरी करने के इच्छुक युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की प्रतिष्ठित कंपनी नून फूड एलएलसी के लिए डिलीवरी राइडर और वेयरहाउस हेल्पर के पदों पर कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं। यह भर्ती प्रदेश सरकार के श्रम एवं रोजगार विभाग के माध्यम से की जा रही है, जिससे युवाओं को सुरक्षित और भरोसेमंद रोजगार का अवसर मिलेगा।
ये साक्षात्कार खलियार स्थित क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय, मंडी में सुबह 10 बजे से शुरू होंगे। इसमें मंडी और कुल्लू जिलों के पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। साक्षात्कार में शामिल होने के लिए वैध पासपोर्ट होना अनिवार्य है।क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी मंडी अक्षय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अभ्यर्थियों को पासपोर्ट के साथ ड्राइविंग लाइसेंस (डिलीवरी राइडर के लिए), रिज्यूमे, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण प्रमाण पत्र और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होंगी।
इस भर्ती के तहत कुल 400 पद भरे जाएंगे, जिनमें 200 पद डिलीवरी राइडर और 200 पद वेयरहाउस हेल्पर के हैं।
- डिलीवरी राइडर को 2500 दिरहम मासिक वेतन के साथ कमीशन और टिप्स मिलेंगे। आयु सीमा 20 से 37 वर्ष निर्धारित की गई है। यूएई ड्राइविंग लाइसेंस नियुक्ति के बाद प्रदान किया जाएगा, जिसके लिए 5500 दिरहम शुल्क देना होगा।
- वेयरहाउस हेल्पर को 1400 दिरहम मासिक वेतन के साथ आवास और यातायात सुविधा दी जाएगी। आयु सीमा 21 से 30 वर्ष तय की गई है।
दोनों पदों के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास और बेसिक अंग्रेज़ी ज्ञान अनिवार्य है। इन पदों के लिए केवल पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे।चयनित अभ्यर्थियों को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा अनुमोदित 35,400 रुपये (जीएसटी सहित) तथा 1500 रुपये चिकित्सा शुल्क का भुगतान करना होगा।अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 01905-235508 पर संपर्क कर सकते हैं।