सुल्तानपुर लोधी | एन.एच-44 पर स्थित हर्ष मानसर टोल प्लाजा एक बार फिर विवादों में घिर गया है। जाने-माने डॉक्टर कुलदीप कलेर ने टोल कर्मचारियों पर फास्टैग के जरिए डबल कटौती और हेराफेरी के गंभीर आरोप लगाए हैं।
डॉ. कलेर ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ जालंधर से डलहौजी जा रहे थे। जैसे ही उनके बेटे डॉ. आर्यन कलेर की गाड़ी (PB 08-DB 4601) टोल प्लाजा पर पहुंची, फास्टैग अकाउंट से 17 दिसंबर 2025 को 05:51 बजे 130 रुपए कट गए, लेकिन टोल कर्मचारियों ने गाड़ी रोक दी और कहा कि फास्टैग ब्लैकलिस्टेड है।
डॉ. कलेर ने बताया कि पैसे कटने के बावजूद उन्हें लगभग 15 मिनट तक इंतजार कराया गया, और फिर यू.पी.आई ट्रांजैक्शन ID 535101612736 के जरिए 162 रुपए और वसूल किए गए। इसके साथ ही कुल 292 रुपए की राशि उनसे जबरदस्ती ली गई।
डॉ. कलेर ने आरोप लगाया कि यदि पढ़े-लिखे नागरिक के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है, तो आम राहगीरों के साथ होने वाली हेराफेरी का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने टोल प्लाजा के अधिकारियों से तुरंत निष्पक्ष जांच की मांग की और चेतावनी दी कि अगर समय पर कार्रवाई नहीं हुई, तो फास्टैग सिस्टम पर लोगों का भरोसा उठ सकता है, जो सरकार की डिजिटल पेमेंट पॉलिसी के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है।