नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। चांदी 9,750 रुपये की तेजी के साथ 2,27,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जो अब तक का सर्वोच्च स्तर है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, एक दिन पहले चांदी 2,17,250 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी चांदी ने नया कीर्तिमान स्थापित किया और हाजिर भाव 72 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर गया। विशेषज्ञों का कहना है कि कमजोर डॉलर, अमेरिकी फेडरल रिजर्व से नरम मौद्रिक नीति की उम्मीदें और लगातार बने भू-राजनीतिक तनाव कीमती धातुओं की कीमतों को समर्थन दे रहे हैं।
इस बीच घरेलू बाजार में सोने की कीमत में मामूली गिरावट दर्ज की गई। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 50 रुपये फिसलकर 1,40,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) पर आ गया, जबकि इससे पहले यह 1,40,850 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था।
वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना पहली बार 4,500 डॉलर प्रति औंस के स्तर को पार कर गया। हाजिर सोना 4,525.96 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड पर पहुंचा। विश्लेषकों के अनुसार सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग और वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण सोना-चांदी दोनों में तेजी बनी हुई है।