हिसार। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से 31 दिसंबर से 7 जनवरी तक आयोजित की जा रही नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (NET) को लेकर हरियाणा के अभ्यर्थियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में एक भी परीक्षा केंद्र न बनाए जाने के कारण अभ्यर्थियों को दूसरे राज्यों और शहरों में परीक्षा देने जाना पड़ रहा है, जो कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के चलते बड़ी चुनौती बन गया है।
हिसार सहित प्रदेश के कई जिलों के अभ्यर्थियों को नोएडा और चंडीगढ़ जैसे दूरस्थ शहरों में परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए हैं। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के गणित विभाग के प्रोफेसर डॉ. विजेंद्र सिहाग ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हरियाणा में भी परीक्षा केंद्र बनाए जाने चाहिए, ताकि अभ्यर्थी समय पर और सुरक्षित तरीके से परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।
डॉ. सिहाग ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के जनरल डायरेक्टर, यूजीसी चेयरमैन, केंद्र और राज्य सरकार के शिक्षा मंत्रियों को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
उन्होंने एक उदाहरण देते हुए कहा कि उनके एक परिचित की परीक्षा 1 जनवरी को निर्धारित है, लेकिन परीक्षा केंद्र नोएडा दिया गया है। परीक्षार्थियों की एंट्री का समय सुबह 7 बजे से 8:30 बजे तक रखा गया है, जबकि परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। ऐसे में घने कोहरे और सर्द मौसम में सुबह-सुबह हिसार से नोएडा पहुंचना अभ्यर्थियों के लिए बेहद कठिन और जोखिम भरा साबित हो सकता है।
अभ्यर्थियों और शिक्षाविदों ने मांग की है कि एनटीए भविष्य में हरियाणा में भी पर्याप्त संख्या में परीक्षा केंद्र सुनिश्चित करे, ताकि छात्रों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिल सके।