Mandi, Dharamveer-:यदि आप मंडी जिले में ई-ऑटो चलाने का सपना देख रहे हैं, तो अब यह संभव हो गया है। परिवहन विभाग ने मंडी जिले के चार उपमंडलों में 60 नए ई-ऑटो के लिए परमिट जारी करने का निर्णय लिया है। यह कदम प्रदेश सरकार के “ग्रीन स्टेट” बनने के लक्ष्य के अनुरूप उठाया गया है।
प्रदेश भर में परिवहन विभाग ने कुल 400 नए ई-ऑटो के लिए परमिट जारी करने की अधिसूचना जारी की है, जिसमें मंडी जिले के लिए 60 परमिट की मंजूरी दी गई है। इन 60 परमिट में जोगिंद्रनगर उपमंडल के लिए 15, पधर के लिए 35, जबकि सरकाघाट और धर्मपुर उपमंडलों में 5-5 परमिट दिए जाएंगे।आरटीओ मंडी नवीन शर्मा ने बताया कि ई-वाहनों को बढ़ावा देने का उद्देश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण है, बल्कि इससे रोजगार सृजन में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति ई-ऑटो चलाना चाहता है, वह आरटीओ मंडी के कार्यालय में आवेदन कर सकता है। विभाग नियमों के तहत सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही परमिट जारी करेगा।
सरकार का लक्ष्य है कि मार्च 2026 तक प्रदेश को ग्रीन स्टेट बनाया जाए। इसी रणनीति के तहत नए ई-ऑटो के परमिट दिए जा रहे हैं ताकि जिले में ई-वाहनों की संख्या बढ़े और प्रदूषण कम हो।इस प्रक्रिया में आवेदन करने वाले इच्छुक चालकों को आरटीओ मंडी के निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करना होगा। आवेदन के बाद विभाग द्वारा सत्यापन और औपचारिकताओं के पूरा होने पर ही परमिट जारी किया जाएगा। ऐसे में मंडी जिले में ई-ऑटो संचालन के इच्छुक लोगों के लिए यह सुनहरा अवसर है।