गुरुग्राम। सुशांत लोक थाना क्षेत्र के सेक्टर-42 में एक निर्माणाधीन इमारत पर पुताई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इमारत के बाहरी हिस्से में रस्सी के सहारे काम कर रहे दो श्रमिक संतुलन बिगड़ने से पांचवीं मंजिल से नीचे गिर पड़े। मंगलवार दोपहर हुए इस हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के कालेसर गांव निवासी 30 वर्षीय अवधेश के रूप में हुई है। बताया गया है कि अवधेश गुरुग्राम में रहकर मजदूरी करते थे और कुछ दिन पहले उन्हें इस इमारत की बाहरी पुताई का काम मिला था। हादसे के वक्त अवधेश छत की रेलिंग पर रस्सी पकड़कर बैठे थे, जबकि उनका साथी रणविजय रस्सी के सहारे नीचे उतरकर पुताई कर रहा था। इसी दौरान रस्सी पर नियंत्रण खोने से दोनों नीचे जा गिरे।
हादसे के बाद दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान मंगलवार रात अवधेश ने दम तोड़ दिया। घायल रणविजय का सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है।
घायल श्रमिक रणविजय की शिकायत पर पुलिस ने ठेकेदार अतुल और तवरेज आलम के खिलाफ लापरवाही सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ठेकेदारों ने बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ऊंचाई पर काम कराया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
सुशांत लोक थाना पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।