रेवाड़ी | रेवाड़ी में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर गरिमामय और भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रदेश के खेल मंत्री गौरव गौतम ने पुलिस लाइन परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इससे पूर्व उन्होंने शहीद स्मारक पहुंचकर देश के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
समारोह के दौरान देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को देशप्रेम से सराबोर कर दिया। स्कूली बच्चों और विभिन्न टुकड़ियों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। परेड में पुलिस, होमगार्ड और अन्य बलों की टुकड़ियों ने अनुशासन और एकता का प्रदर्शन किया।
अपने संबोधन में खेल मंत्री गौरव गौतम ने प्रदेशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग और बलिदान की बदौलत ही देश को यह गौरवशाली दिन देखने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ भारतीय संविधान हमें न्याय, स्वतंत्रता और समानता जैसे मौलिक अधिकार प्रदान करता है।
खेल मंत्री ने कहा कि इसी दिन भारत विश्व का सबसे बड़ा संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य बना। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि संविधान देश को एकजुट रखने और आगे बढ़ने की दिशा दिखाता है।
इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों, युद्ध वीरांगनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। गणतंत्र दिवस का यह आयोजन राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का संदेश देता नजर आया।