कैथल | हरियाणा के कैथल जिले में एक गंभीर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑटो चालक रोहित ने निजी अस्पताल में कार्यरत 38 वर्षीय महिला कर्मचारी को शादी का झांसा देकर करीब तीन साल तक अलग-अलग होटलों में ले जाकर दुष्कर्म किया।
महिला ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि अक्टूबर 2022 में उसकी अस्पताल में रोहित से पहचान हुई थी। दोनों ने अपने मोबाइल नंबर शेयर किए और बातचीत शुरू हुई।
शिकायत में महिला ने कहा कि रोहित ने खुद को अविवाहित बताया और शादी का झांसा दिया। इसके बाद आरोपी उसे ढांड रोड स्थित होटल में ले गया, जहां उसने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला के साथ दुष्कर्म किया। यह सिलसिला करीब तीन साल तक चलता रहा, और महिला को बार-बार होटल में बुलाकर शोषण किया गया।
पीड़िता ने आगे बताया कि जब भी वह शादी के वादे की बात उठाती, रोहित टालमटोल करता। बाद में उसे पता चला कि रोहित पहले से ही शादीशुदा है।
सदर थाना की जांच अधिकारी एएसआई सुदेश रानी ने बताया कि मामला गंभीर है और पुलिस पूरी सतर्कता के साथ जांच कर रही है।