पंजाब |बीते कुछ दिनों से खिली धूप के कारण सर्दी से मिली राहत अब खत्म होती नजर आ रही है। प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। भारतीय मौसम विभाग ने पंजाब के कई जिलों के लिए बारिश और धुंध को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के 9 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि 11 जिलों में घनी धुंध को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, जिन जिलों में धुंध का येलो अलर्ट जारी किया गया है, उनमें जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, अमृतसर, बरनाला, संगरूर, बठिंडा, मानसा, मलेरकोटला, पटियाला और फतेहगढ़ साहिब शामिल हैं। इन इलाकों में सुबह और देर रात दृश्यता कम रहने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
वहीं, बारिश की संभावना वाले 9 जिलों में जालंधर, होशियारपुर, कपूरथला, अमृतसर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, गुरदासपुर और पठानकोट शामिल हैं। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड फिर से बढ़ेगी।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पंजाब में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। इसके अलावा 5 फरवरी के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। इसके असर से आने वाले तीन दिनों में रात के तापमान में और गिरावट हो सकती है। हालांकि, इसके बाद मौसम के धीरे-धीरे स्थिर होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और खासतौर पर धुंध के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतने को कहा है।