राहुल चावला, धर्मशाला-:भले ही केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश के पास अभी स्थायी परिसर नहीं है, लेकिन बेहतर प्रबंधन और खेलों के प्रति प्रतिबद्धता के दम पर विश्वविद्यालय लगातार राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन करता आ रहा है। इसी कड़ी में एक बार फिर केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है।विश्वविद्यालय को छठी बार आल इंडिया इंटर जोनल महिला कबड्डी चैंपियनशिप की मेजबानी सौंपी गई है।
यह प्रतिष्ठित चैंपियनशिप 9 से 12 फरवरी तक धर्मशाला में आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर की विभिन्न यूनिवर्सिटीज से 224 से अधिक महिला खिलाड़ी और ऑफिशियल भाग लेने के लिए धर्मशाला पहुंचेंगे। प्रतियोगिता के आयोजन की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स डायरेक्टर सुमन शर्मा के नेतृत्व में निभाई जा रही है।शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सत प्रकाश बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि चैंपियनशिप का शुभारंभ 9 फरवरी को भव्य उद्घाटन समारोह के साथ होगा। उद्घाटन समारोह में प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
प्रो. बंसल ने बताया कि इस चैंपियनशिप में हाल ही में आयोजित महिला कबड्डी वर्ल्ड कप की विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रही हिमाचल प्रदेश की खिलाड़ी भी शिरकत करेंगी, जो स्थानीय खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी। इसके साथ ही हरियाणा के अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित खिलाड़ी और भारतीय पुरुष कबड्डी टीम के कप्तान दीपक हुड्डा भी इस आयोजन के दौरान धर्मशाला में उपस्थित रहेंगे।विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से न केवल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच मिलता है, बल्कि धर्मशाला को भी खेल पर्यटन के रूप में नई पहचान मिल रही है।